जिस देश ने कल तक अमेरिका और नाटो के दम पर रूस को मिट्टी में मिलाने की कसमें खाई थीं, वो आज अचानक अपनी खाली तिजोरी और खाली तोपें लेकर भारत के दरवाजे पर क्यों खड़ा है? क्या वॉशिंगटन ने यूरोप की पीठ में खंजर घोंप दिया है? क्या पोलैंड को भनक लग चुकी है कि किसी भी वक्त रूस के साथ यूक्रेन का सौदा हो सकता है? सुवाल्की गैप पर जब रूसी इस्कंदर मिसाइलें तैनात हैं और यूरोप का गोला-बारूद खत्म हो चुका है, तो क्या पोलैंड को अपनी सुरक्षा के लिए अब अमेरिका नहीं, बल्कि ‘मेक इन इंडिया’ के हथियार चाहिए? और सबसे बड़ा सवाल, क्या रूस-यूक्रेन युद्ध का आखिरी सीजफायर अब नई दिल्ली में तय हो रहा है?
रूस-यूक्रेन युद्ध अब अपनी उस निर्णायक स्थिति में पहुंच चुका है, जहां से दुनिया का नक्शा और पावर डायनामिक्स हमेशा के लिए बदलने वाले हैं। हड़कंप तो तब मच गया जब यूक्रेन युद्ध के शुरुआती दौर में रूस की बर्बादी का उद्घोष करने वाला पोलैंड, 16 साल के लंबे सूखे को खत्म करते हुए सीधे भारत की शरण में आ गिरा। पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क का नई दिल्ली आना कोई रूटीन या सामान्य कूटनीतिक दौरा बिल्कुल नहीं है। यह वही पोलैंड है, जो कल तक वेस्टर्न देशों के साथ मिलकर दहाड़ रहा था कि रूस को घुटनों पर ला देंगे, उसकी इकॉनमी को तबाह कर देंगे। लेकिन 2026 की कड़वी और खौफनाक हकीकत ने वारसॉ के सारे भ्रम तोड़ दिए हैं। आज जब पूरे यूरोप की सांसें फूल रही हैं, तो उसे अपनी सुरक्षा, अपने अस्तित्व और अपनी जान बचाने के लिए दुनिया में सिर्फ एक ही देश नजर आ रहा है, और वो है भारत।
खाली होते शस्त्रागार और पोलैंड की बड़ी भूल
जरा फ्लैशबैक में चलिए। फरवरी 2022 का वह मंजर याद कीजिए। यूक्रेन पर रूसी हमले के तुरंत बाद पोलैंड नाटो का सबसे आक्रामक फ्रंटलाइन सिपाही बन गया था। उसने बिना सोचे-समझे, बिना किसी बैकअप प्लान के अपने सारे सैन्य गोदाम यूक्रेन के लिए खाली कर दिए। 300 से ज्यादा T-72 और PT-91 ट्वार्डी टैंक, दर्जनों मिग-29 लड़ाकू विमान, क्रैब 155 एमएम तोपें और लाखों राउंड गोला-बारूद रातों-रात सीमा पार भेज दिया गया। पोलैंड का रेज़ज़ॉ-जसियोंका एयरपोर्ट पूरे नाटो के हथियारों का सबसे बड़ा अड्डा और ट्रांजिट हब बन गया था। पोलिश राजनयिक हर ग्लोबल मंच पर चिल्ला रहे थे कि रूस के 300 बिलियन डॉलर के विदेशी भंडार को जब्त कर लो और मॉस्को पर इतने कड़े प्रतिबंध लगाओ कि वह कभी अपने पैरों पर खड़ा न हो सके।
लेकिन युद्ध कभी भी टीवी स्टूडियो या नेताओं के भाषणों से नहीं जीते जाते। 2024 बीता और अब 2026 में पासा पूरी तरह से पलट चुका है। वेस्टर्न देशों के कड़े प्रतिबंधों के बावजूद रूसी अर्थव्यवस्था ढही नहीं, बल्कि पुतिन ने एक मास्टरस्ट्रोक खेलते हुए अपने कारखानों को 24 घंटे चलने वाली एक विशाल, न रुकने वाली वॉर मशीन में तब्दील कर दिया। दूसरी तरफ, यूक्रेन के पास सैनिकों की भारी कमी हो गई है। डोनबास के खूनी मैदानों से लेकर पोक्रोव्स्क और चासिव यार तक यूक्रेन की रक्षा पंक्तियां ताश के पत्तों की तरह बिखर रही हैं। पोलैंड ने जब जोश से होश में आकर पीछे मुड़कर अपने शस्त्रागार देखे, तो उसके रोंगटे खड़े हो गए। उसके गोदाम पूरी तरह खाली हो चुके थे। जिन नए M1A2 अब्राम्स और साउथ कोरिया के K2 ब्लैक पैंथर टैंकों का उसने ऑर्डर दिया था, उनकी डिलीवरी में अभी कई सालों का वक्त लगेगा। पोलैंड के सामने अचानक एक भयानक और जानलेवा सुरक्षा संकट खड़ा हो गया है।
सुवाल्की गैप: यूरोप की सबसे कमजोर नस
पोलैंड के रणनीतिकारों और जनरलों की नींद उड़ने की सबसे बड़ी वजह है— ‘सुवाल्की गैप’। यह पोलैंड और लिथुआनिया के बीच सिर्फ 65 से 100 किलोमीटर लंबी एक बेहद संकरी जमीनी पट्टी है। इसके एक तरफ रूस का अभेद्य सैन्य गढ़ ‘कलिनिनग्राद’ है और दूसरी तरफ उसका पक्का जिगरी दोस्त बेलारूस। अगर कल को नाटो और रूस के बीच कोई सीधी टक्कर हुई, तो रूसी सेनाएं कुछ ही घंटों में इस रास्ते को काटकर बाल्टिक देशों को पूरे यूरोप से हमेशा के लिए अलग कर देंगी। खौफ इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि कलिनिनग्राद में तैनात रूस की परमाणु-सक्षम इस्कंदर-एम हाइपरसोनिक मिसाइलें सीधे पोलैंड की राजधानी वारसॉ की तरफ तनी हुई हैं।
इस खौफ का आलम यह है कि पोलैंड आज अपनी कुल जीडीपी का करीब 4.7% से 5% हिस्सा सिर्फ और सिर्फ रक्षा बजट पर पानी की तरह बहा रहा है। यह अनुपात पूरे नाटो गठबंधन में खुद अमेरिका से भी ज्यादा है। लेकिन सिर्फ तिजोरी खोलकर पैसा बहा देने से हथियार रातों-रात तैयार नहीं हो जाते। यूरोप का अपना रक्षा उद्योग हांफ रहा है। वह जंग की मांग के मुताबिक 155 एमएम के तोपखाने के बेसिक गोले तक नहीं बना पा रहा। जर्मनी, जो कभी यूरोप का इंजन था, खुद गंभीर ऊर्जा संकट और आर्थिक मंदी के दलदल में फंसा हुआ है। ऐसे में पोलैंड को एक ऐसे मजबूत और भरोसेमंद साझेदार की सख्त जरूरत थी, जिसकी सप्लाई चेन किसी भी युद्ध, किसी भी महामारी या किसी भी अमेरिकी प्रतिबंध से न टूटे और जिसकी अर्थव्यवस्था 7% से ज्यादा की तेज रफ्तार से दौड़ रही हो। और आज की दुनिया में वह इकलौता विकल्प, वह इकलौता सुपरपॉवर सिर्फ भारत है।
ट्रंप का खौफ और अमेरिका का बदलता रुख
पोलैंड के रातों-रात भारत भागने की सबसे बड़ी और अदृश्य चाबी वाशिंगटन के सत्ता गलियारों में छिपी है। जो बाइडेन का वह दौर अब इतिहास बन चुका है जब अमेरिका यूक्रेन को बिना किसी शर्त के अरबों डॉलर के ब्लैंक चेक काटकर दे रहा था। व्हाइट हाउस में ट्रंप प्रशासन की वापसी और उनकी ‘अमेरिका फर्स्ट’ नीति ने पूरे यूरोप का समीकरण बदल दिया है। अमेरिका के टॉप रणनीतिकार पहले ही साफ संकेत दे चुके हैं कि अमेरिका का असली, सीधा और सबसे बड़ा प्रतिद्वंद्वी रूस नहीं, बल्कि सिर्फ चीन है। वाशिंगटन अब अपनी सारी सैन्य और आर्थिक ताकत यूरोप से खींचकर इंडो-पैसिफिक रीजन में केंद्रित करना चाहता है।
इसका सीधा और कड़वा मतलब यह है कि यूरोप को अपनी जंग अब खुद लड़नी होगी। ट्रंप प्रशासन किसी भी वक्त मॉस्को के साथ बातचीत की मेज पर बैठकर यूक्रेन युद्ध को बीच में ही रोक सकता है। पोलैंड को साफ दिख रहा है कि अगर कल वाशिंगटन ने अपने हाथ खींच लिए, तो पोलैंड, रूस की खतरनाक सीमाओं पर अकेला, थका हुआ और बिल्कुल खाली हाथों खड़ा रह जाएगा। अमेरिका को भी अब यह अच्छे से अहसास हो चुका है कि व्लादिमीर पुतिन की आंखों में आंखें डालकर, बिना झुके बात करने की ताकत आज दुनिया में सिर्फ और सिर्फ भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास है। इसलिए वाशिंगटन खुद भी भीतर ही भीतर यह चाहता है कि नई दिल्ली इस पूरे ग्लोबल संकट में सबसे मजबूत और न्यूट्रल पुल का काम करे।
भारत और पोलैंड: नई रक्षा साझेदारी का आगाज़
नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में जब पीएम नरेंद्र मोदी और पोलैंड के पीएम डोनाल्ड टस्क आमने-सामने बैठे, तो दशकों पुराना कूटनीतिक अविश्वास हमेशा के लिए टूट रहा था। पोलैंड दशकों तक सोवियत संघ के भारी दबाव में रहा, इसलिए वह ऐतिहासिक रूप से रूस के प्रति गहरी नफरत रखता था और भारत को मॉस्को का पक्का साथी मानता था। लेकिन आज की 21वीं सदी की कूटनीति में भावनाएं नहीं, बल्कि कठोर राष्ट्रीय हित मायने रखते हैं। डोनाल्ड टस्क अपने साथ 80 से ज्यादा टॉप उद्योगपतियों की एक बड़ी फौज लेकर नई दिल्ली पहुंचे। दोनों देशों ने बिना किसी देरी के आपसी व्यापार को 6 अरब डॉलर से बढ़ाकर 10 अरब डॉलर करने का सीधा और आक्रामक लक्ष्य तय किया।
लेकिन असली गेमचेंजर खेल व्यापार से कहीं आगे रक्षा और हाई-टेक जासूसी तकनीक के गोपनीय समझौतों में था। पोलैंड की सबसे बड़ी निजी रक्षा कंपनी ‘डब्लूबी ग्रुप’ के पास वो मारक हथियार हैं, जिन्होंने यूक्रेन के खूनी मोर्चों पर रूसी इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर का सीधा और अचूक सामना किया है। उनके ‘फ्लाई-आई’ जासूसी ड्रोन और ‘वॉर्मेट’ सुसाइड ड्रोन आधुनिक युद्ध के मैदान में पूरी तरह परखे जा चुके हैं। पोलैंड यह कॉम्बैट-प्रूवन, यानी युद्ध में टेस्ट की गई तकनीक भारत को ‘मेक इन इंडिया’ के तहत देने और यहीं पर साझा निर्माण करने का खुला प्रस्ताव लेकर आया है। भारतीय सेना को लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल यानी एलएसी पर लद्दाख की जमा देने वाली ठंड से लेकर अरुणाचल प्रदेश की ऊंची चोटियों पर चीन की पीएलए के सामने ठीक ऐसे ही अचूक मारक ड्रोनों की सख्त जरूरत है।
अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा का मास्टरस्ट्रोक
इसके साथ ही पोलैंड की स्पेस कंपनी ICEYE की ‘सार’ (SAR) यानी सिंथेटिक अपर्चर रडार सैटेलाइट तकनीक इस महा-डील का सबसे बड़ा आकर्षण बनी है। यह कोई आम सैटेलाइट नहीं है। यह सैटेलाइट घने बादलों, भारी बारिश और घनघोर अंधेरे को चीरते हुए जमीन की सेंटीमीटर-लेवल की तस्वीरें खींच सकता है। यूक्रेन में ठीक इसी तकनीक ने रूसी सैन्य काफिलों की लोकेशन ट्रैक करने में निर्णायक भूमिका निभाई थी। पोलैंड अब भारत के इसरो और भारतीय अंतरिक्ष स्टार्टअप्स के साथ मिलकर इस खतरनाक सर्विलांस तकनीक को साझा करने जा रहा है। बदले में पोलैंड अपने पुराने, प्रदूषण फैलाने वाले कोयला बिजली घरों को बंद करके ‘स्मॉल मॉड्यूलर रिएक्टर्स’ (SMR) यानी छोटे न्यूक्लियर पावर प्लांट लगाना चाहता है, जहां उसे भारत की दमदार इंजीनियरिंग और बड़े पूंजी निवेश की सख्त दरकार है।
सोवियत हथियारों का बैकअप प्लान
इसके पीछे एक और बहुत बड़ा रक्षा गणित काम कर रहा है। भारत और पोलैंड दोनों के पास दशकों पुराने सोवियत हथियारों को ऑपरेट करने का बहुत बड़ा अनुभव है। पोलैंड के पास सोवियत-मानक हथियारों की मेंटेनेंस और स्पेयर पार्ट्स बनाने की बेहतरीन और पुरानी फैक्ट्रियां मौजूद हैं। यूक्रेन युद्ध के चलते जब रूस से भारत को हथियारों के पुर्जों की सप्लाई में रुकावटें आईं, तो पोलैंड भारत के सुखोई-30 एमकेआई फाइटर जेट्स और टी-90 भीष्म टैंकों के लिए एक बेहद मजबूत और सुरक्षित बैकअप बन सकता है। यह भारत की कूटनीति का वो मास्टरस्ट्रोक है, जो मॉस्को को जरा भी नाराज किए बिना, भारतीय सेना की युद्धक क्षमता को 24 घंटे, सातों दिन चाक-चौबंद रखता है।





