दो भारतीय गेंदबाज चोटिल, अफगानिस्तान और इंग्लैंड सीरीज से बाहर होने की आशंका

दो भारतीय गेंदबाज चोटिल, अफगानिस्तान और इंग्लैंड सीरीज से बाहर होने की आशंका

 

भारतीय क्रिकेट टीम को जून की शुरुआत में घरेलू मैदान पर अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट और वनडे सीरीज खेलनी है। इस सीरीज से पहले टीम के खिलाड़ियों की फिटनेस पर खास नजर बनी हुई है। खबरों के अनुसार, तेज गेंदबाज आकाश दीप और हर्षित राणा का इस सीरीज से बाहर होना लगभग तय माना जा रहा है।

अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के बाद टीम इंडिया इंग्लैंड और आयरलैंड के दौरे पर सीमित ओवरों की सीरीज खेलेगी, लेकिन इन दोनों तेज गेंदबाजों की उस दौरे पर भी वापसी की संभावना कम ही दिख रही है।

आकाश दीप और हर्षित राणा दोनों ही फिलहाल चोट से उबरने की प्रक्रिया यानी रिहैब में हैं। दोनों तेज गेंदबाज लंबे समय से फिटनेस समस्याओं के कारण मैदान से दूर हैं। आकाश दीप को बैक इंजरी ने परेशान कर रखा है, जबकि हर्षित राणा घुटने की चोट के चलते टी20 वर्ल्ड कप 2026 से ठीक पहले टीम से बाहर हो गए थे।

पीटीआई को बीसीसीआई के एक सूत्र ने नाम न बताने की शर्त पर जानकारी दी कि दोनों खिलाड़ी अभी रिहैब के दौर से गुजर रहे हैं और पूरी तरह मैच फिट होने में समय लगेगा। ऐसे में अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच और उसके बाद इंग्लैंड-आयरलैंड दौरे से पहले उनकी वापसी की संभावना कम मानी जा रही है। फिलहाल दोनों ने हल्की एक्सरसाइज शुरू कर दी है और धीरे-धीरे जॉगिंग, रनिंग, स्प्रिंट और फिर मैदान पर वापसी से जुड़ी ट्रेनिंग की ओर बढ़ेंगे।

आकाश दीप के अगस्त तक वापसी करने की उम्मीद जताई जा रही है, जहां वह दलीप ट्रॉफी में खेल सकते हैं। हालांकि हर्षित राणा की वापसी को लेकर अभी कोई स्पष्ट समय तय नहीं है। ऐसे में आने वाले कुछ अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में टीम इंडिया को इन दोनों तेज गेंदबाजों की कमी महसूस हो सकती है।

भारतीय टीम 6 जून से अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट मैच खेलेगी, इसके बाद 14 से 20 जून तक तीन वनडे मैचों की सीरीज होगी। इसके बाद टीम इंग्लैंड और आयरलैंड के दौरे के लिए रवाना होगी।

You Might Also Like

View More

Latest & Breaking Updates

All Stories