तेलुगु अभिनेता राहुल रामकृष्ण इस समय गहरे सदमे में हैं, क्योंकि उनके भाई का निधन पैराक्वाट ज़हर के सेवन से हो गया। अर्जुन रेड्डी से पहचान बनाने वाले इस एक्टर ने सोशल मीडिया पर इस दर्दनाक घटना की जानकारी साझा की।
रामकृष्ण ने हैरानी जताई कि इतना खतरनाक ज़हर आखिर इतनी आसानी से लोगों को कैसे उपलब्ध हो रहा है। उन्होंने X (ट्विटर) पर अपनी बात रखते हुए प्रशासन से तुरंत कदम उठाने की अपील की।
उन्होंने नरेंद्र मोदी और रेवंत रेड्डी को टैग करते हुए कहा कि ज़हर से जुड़े मामलों में बढ़ोतरी चिंताजनक है, और इस पर सख्त नियम लागू किए जाने की जरूरत है।
पैराक्वाट ज़हर से एक्टर के भाई की मौत
उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “माननीय महोदय @TelanganaCMO @PMOIndia, आज मैंने पैराक्वाट ज़हर की वजह से अपने भाई को खो दिया। यह बेहद घातक है और इसका बड़े स्तर पर लोग आत्महत्या के लिए दुरुपयोग कर रहे हैं। मुझे हैरानी है कि यह इतनी आसानी से हर जगह उपलब्ध है। डॉक्टरों के पास इसके कई मामले आ रहे हैं, जिससे वे भी परेशान हैं। कृपया इसे जल्द से जल्द बैन करें और लोगों की जान बचाएं।”
पैराक्वाट क्या है?
पैराक्वाट एक बेहद खतरनाक खरपतवारनाशक (weedicide) है, जिसका उपयोग खेती में अवांछित पौधों को नष्ट करने के लिए किया जाता है। लेकिन यह इंसानों के लिए अत्यंत विषैला होता है। इसकी थोड़ी सी मात्रा भी शरीर में जाने पर गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है। यह मुंह, पाचन तंत्र और फेफड़ों को बुरी तरह प्रभावित करता है, जिससे सांस लेने में दिक्कत होने लगती है। इसकी सबसे चिंताजनक बात यह है कि इसका असर बहुत तेजी से फैलता है और इसका प्रभावी इलाज करना काफी मुश्किल होता है।
राहुल रामकृष्णा कौन हैं?
राहुल रामकृष्ण तेलुगु सिनेमा के एक चर्चित अभिनेता हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत निर्देशक थारुन भास्कर की शॉर्ट फिल्म सैनमा से की थी। इसके बाद उन्होंने साल 2016 में फिल्म जयम्मू निश्चयम्मु रा के जरिए बड़े पर्दे पर कदम रखा। हालांकि, उन्हें असली पहचान विजय देवरकोंडा स्टारर अर्जुन रेड्डी से मिली।
इसके बाद वह भारत अने नेनु, गीता गोविंदम, अला वैकुंठपुरमुलु और जथि रत्नालु जैसी कई फिल्मों में नजर आ चुके हैं। साथ ही, वह एस. एस. राजामौली की फिल्म RRR का भी हिस्सा रहे हैं।





