रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ जिसे कई जगह ‘धुरंधर 2’ के नाम से भी जाना जा रहा है, सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन कर चुकी है। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई करते हुए बॉलीवुड की पहली 1100 करोड़ क्लब में शामिल फिल्मों में अपनी जगह बना ली है। इतना ही नहीं, इस पूरी फ्रेंचाइजी ने अब तक 3000 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर लिया है, जो इसे भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी हिट फ्रेंचाइजी में से एक बनाता है।
थियेटर में 33 दिन पूरे करने के बाद भी फिल्म की कमाई जारी है और यह लगातार करोड़ों में कलेक्शन कर रही है। अब इसकी सफलता के बाद मेकर्स ने इसे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज करने की तैयारी शुरू कर दी है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘धुरंधर 2’ के ओटीटी राइट्स जियो हॉटस्टार ने खरीद लिए हैं। यह डील लगभग 150 करोड़ रुपये में फाइनल हुई है, जो किसी भी हिंदी फिल्म के लिए अब तक की सबसे बड़ी डिजिटल डील्स में गिनी जा रही है।
दिलचस्प बात यह है कि इस फ्रेंचाइजी का पहला भाग नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुआ था, लेकिन सीक्वल का जियो हॉटस्टार पर आना इसके डिजिटल रिलीज पैटर्न में बड़ा बदलाव माना जा रहा है। इससे साफ संकेत मिलता है कि अब बड़े प्रोजेक्ट्स के ओटीटी अधिकारों को लेकर प्लेटफॉर्म्स के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह फिल्म मई के अंत या जून की शुरुआत तक ओटीटी प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध हो सकती है। आमतौर पर देखा जाता है कि किसी भी फिल्म को थिएटर रिलीज के करीब दो से तीन महीने बाद डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज कर दिया जाता है, लेकिन इस बार स्थिति थोड़ी अलग है।
फिल्म की शानदार बॉक्स ऑफिस परफॉर्मेंस को देखते हुए मेकर्स इसके डिजिटल रिलीज को थोड़ा आगे बढ़ाने पर विचार कर रहे हैं, ताकि सिनेमाघरों में इसकी कमाई का सिलसिला और लंबा चल सके।
यह फिल्म 19 मार्च 2026 को थिएटर्स में रिलीज हुई थी और तब से लगातार दर्शकों को सिनेमाघरों तक आकर्षित कर रही है। रिलीज के कई हफ्ते बाद भी फिल्म का क्रेज बना हुआ है, जो इसकी मजबूत कहानी और स्टार पावर को दर्शाता है।
‘धुरंधर 2’ का बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन लगातार मजबूत बना हुआ है। रिलीज के 33वें दिन भी फिल्म ने 3672 शो के जरिए लगभग 1.62 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। लंबे समय से थिएटर्स में चल रही इस फिल्म की कुल कमाई अब एक बड़े आंकड़े तक पहुंच चुकी है।
33 दिनों के बाद फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 1117.29 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है, जबकि इसका ग्रॉस कलेक्शन बढ़कर 1337.46 करोड़ रुपये हो गया है। यह आंकड़े साफ दिखाते हैं कि फिल्म ने घरेलू बाजार में जबरदस्त पकड़ बनाए रखी है।
विदेशी बाजार की बात करें तो 33वें दिन फिल्म ने ओवरसीज में करीब 0.40 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके साथ ही इसका कुल विदेशी ग्रॉस कलेक्शन 421.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
इन सभी आंकड़ों को मिलाकर ‘धुरंधर 2’ का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन अब 758.96 करोड़ रुपये हो गया है, जो इसे इस साल की सबसे बड़ी फिल्मों में शामिल करता है।





