अक्षय कुमार और निर्देशक प्रियदर्शन की हिट जोड़ी एक बार फिर फिल्म ‘भूत बंगला’ के साथ बड़े पर्दे पर धमाल मचा रही है। रिलीज से पहले ही फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह था, खासकर इसके रहस्यमयी विलेन ‘वधुसुर’ को लेकर। ट्रेलर के बाद से ही यह सवाल बना हुआ था कि मंगलपुर गांव की दुल्हनों को अगवा करने वाला यह डरावना किरदार आखिर कौन है।
फिल्म रिलीज होने के बाद इस रहस्य से पर्दा उठ चुका है और विलेन की पहचान ने दर्शकों को चौंका दिया है। कहानी के दूसरे हिस्से में असली खलनायक का खुलासा होता है, जिसका सीधा संबंध अक्षय कुमार के किरदार से जुड़ा हुआ है, जो फिल्म को और भी दिलचस्प बना देता है।
अक्षय कुमार का डबल रोल बना सबसे बड़ा ट्विस्ट
फिल्म ‘भूत बंगला’ की कहानी का सबसे बड़ा सरप्राइज इसके विलेन से जुड़ा है। जहां आमतौर पर खलनायक किसी अलग किरदार के रूप में सामने आता है, वहीं इस फिल्म में असली विलेन खुद अक्षय कुमार ही हैं।
दरअसल, अक्षय कुमार फिल्म में डबल रोल निभा रहे हैं। एक तरफ वह ‘अर्जुन आचार्य’ के किरदार में नजर आते हैं, जो हल्के-फुल्के अंदाज से दर्शकों को एंटरटेन करते हैं, वहीं दूसरी तरफ वह अपने जैविक पिता माधव के किरदार में एक डरावने और नकारात्मक रूप में दिखाई देते हैं।
कहानी के मुताबिक, माधव ही ‘वधुसुर’ की शक्तियां हासिल कर लेता है और गांव में खौफ का कारण बन जाता है। नई दुल्हनों की मौत के पीछे भी उसी का हाथ होता है। हालांकि ‘वधुसुर’ को स्क्रीन पर एक भयावह एनिमेटेड राक्षस के रूप में दिखाया गया है, लेकिन उसकी असली ताकत और नियंत्रण माधव यानी अक्षय कुमार के पास ही होता है।
वामिका गाबी का डबल रोल और बढ़ता सस्पेंस
फिल्म में अक्षय कुमार के साथ-साथ वामिका गाबी भी दोहरी भूमिका में नजर आती हैं। वह दो सगी बहनों का किरदार निभाती हैं, जिससे कहानी में भावनात्मक गहराई जुड़ जाती है। प्लॉट तब और दिलचस्प हो जाता है जब वधुसुर एक बहन को अपना शिकार बना लेता है। इसके बाद दूसरी बहन अपनी बहन की मौत का बदला लेने और महल से जुड़े रहस्यों को उजागर करने के लिए खतरे का सामना करती है। वामिका ने दोनों किरदारों को अलग-अलग अंदाज में प्रभावशाली तरीके से पेश किया है।
तब्बू और बाकी स्टार कास्ट ने बढ़ाया दम
फिल्म में तब्बू की मौजूदगी कहानी को और मजबूती देती है। वहीं, परेश रावल, राजपाल यादव और असरानी जैसे अनुभवी कलाकारों ने कॉमेडी का तड़का लगाया है। यह फिल्म हॉरर और कॉमेडी का ऐसा मिश्रण है, जो दर्शकों को डराने के साथ-साथ हंसाने में भी कामयाब रहती है। पूरी स्टार कास्ट ने मिलकर फिल्म के सस्पेंस और मनोरंजन को अंत तक बनाए रखा है।





